सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी— शहर में संचालित कुछ स्पा सेंटरों को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि बॉडी मसाज की आड़ में इन सेंटरों में नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन स्पा सेंटरों की समय-समय पर जांच नहीं होने से अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।कटनी शहर में पिछले कुछ समय से स्पा सेंटरों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इन सेंटरों को बॉडी मसाज सर्विस देने की अनुमति तो प्राप्त है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई जगहों पर नियमों का पालन नहीं किया जा रहा।सूत्रों के मुताबिक इन स्पा सेंटरों में हर सप्ताह दूसरे शहरों से गर्ल्स स्टाफ बुलाया जाता है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या इन कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया गया है और क्या इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई है।नियमों के अनुसार स्पा सेंटर संचालकों को कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य होता है, साथ ही सेंटर में आने वाले ग्राहकों का रिकॉर्ड भी रजिस्टर में दर्ज किया जाना चाहिए।स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में संचालित इन स्पा सेंटरों की पुलिस और प्रशासन को समय-समय पर जांच करनी चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सभी सेंटर निर्धारित नियमों के अनुसार ही संचालित हो रहे हैं।लोगों ने यह भी मांग की है कि यदि किसी सेंटर में नियमों का उल्लंघन या अवैध गतिविधियां पाई जाती हैं तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।फिलहाल इन आरोपों के बाद यह देखना अहम होगा कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और शहर में संचालित स्पा सेंटरों की जांच कब तक शुरू होती है।
बॉडी मसाज या कुछ और? कटनी के स्पा सेंटरों पर उठे बड़े सवाल
सम्बंधित ख़बरें


