खबर डिजिटल संवाददाता कटनी नगर निगम की महापौर जनसुनवाई शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। मंगलवार को नगर निगम के मेयर इन काउंसिल सभागार में आयोजित जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे। सुबह 11 बजे से शुरू हुई इस जनसुनवाई में कुल 38 आवेदनों पर सुनवाई की गई।महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने सभी आवेदनों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। खास बात यह रही कि निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एक ही मंच पर मौजूद रहे, जिससे नागरिकों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़े और कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।जनसुनवाई में पेयजल, सफाई व्यवस्था, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, राजस्व, अतिक्रमण सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें और मांगें सामने आईं। महापौर ने प्रत्येक आवेदन पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। नगर निगम प्रशासन जनता की सुविधा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है तथा प्रत्येक आवेदन पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे महापौर जनसुनवाई में अधिक से अधिक सहभागिता करें और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को सीधे प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि उनका समयबद्ध और प्रभावी निराकरण किया जा सके।महापौर जनसुनवाई की यह पहल प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद का मजबूत माध्यम बन रही है, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ रहा है और शहर की समस्याओं के समाधान को नई गति मिल रही है।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट mo. 9131308097
