आलीराजपुर/ खबर डिजिटल/कुलदीप खराड़ीया/ आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर भाबरा क्षेत्र के बड़ीपोल गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जंगल इलाके में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रितेश के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रितेश रविवार शाम करीब 5 बजे से लापता था, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों द्वारा रातभर उसकी तलाश की गई।
सोमवार सुबह करीब 7 बजे जंगल क्षेत्र में सागौन के पेड़ पर रस्सी से लटका हुआ उसका शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक के पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उनका आरोप है कि रितेश का पहले गला दबाकर हत्या की गई और बाद में साक्ष्य छुपाने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सुबह लगभग 10:35 बजे मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के प्रारंभिक बयान के अनुसार, मामला प्रथम दृष्टया फांसी लगने से मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
परिजनों के आरोपों के चलते मामला और भी गंभीर हो गया है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग सच्चाई सामने आने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
