रीवा/ अरविंद तिवारी/ खबर डिजिटल/ अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (APSU) के स्टेडियम में बीते तीन दिनों से जारी पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का आज गरिमामय समापन हुआ। इस खेल महाकुंभ के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी उपस्थित रहे। समारोह में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस विवेक कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. राजेंद्र कुमार कुडरिया ने की।
हुनर और सशक्तिकरण का संगम
इस विशाल प्रतियोगिता में देश के पांच राज्यों-मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और गोवा की कुल 52 टीमों ने हिस्सा लिया। मैदान पर महिला फुटबॉलर्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पुरस्कार वितरण के दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए एडमिरल त्रिपाठी ने ‘स्किल डेवलपमेंट’ (कौशल विकास) पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में केवल डिग्री काफी नहीं है, बल्कि आपका हुनर ही आपको वैश्विक पहचान दिलाएगा।

’नाविका सागर परिक्रमा’ का दिया उदाहरण
बेटियों का हौसला बढ़ाते हुए नेवी चीफ ने ‘नाविका सागर परिक्रमा’ का गौरवशाली जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे भारतीय नौसेना की दो जांबाज महिला अधिकारियों ने नाव के जरिए पूरी दुनिया का चक्कर लगाकर इतिहास रचा और शौर्य सम्मान प्राप्त किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भारत को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से और आगे ले जाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें।
विजेता टीमों को ट्राफी प्रदान करने के साथ ही एडमिरल त्रिपाठी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपनी ही मिट्टी के लाल और देश के नौसेना प्रमुख को अपने बीच पाकर विंध्य के छात्र और खिलाड़ी उत्साह से लबरेज नजर आए।

