बुरहानपुर/ खबर डिजिटल/ निरज तादडे/ मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की केला, मक्का, तरबूज समेत अन्य रबी फसलों को हुए भारी नुकसान के संबंध में ग्रामीण कांग्रेस कमेटी द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत राशि प्रदान किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की मेहनत पूरी तरह बर्बाद हो गई है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कई किसानों की फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं और उनके सामने परिवार का पालन-पोषण एवं आगामी खेती की तैयारी करना भी बड़ी चुनौती बन गया है।
ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रविन्द्र महाजन ने कहा कि प्रशासन द्वारा दो महीने पहले फसल नुकसान का सर्वे कराया गया था, लेकिन अभी तक किसानों को किसी प्रकार का मुआवजा नहीं मिला है। इससे किसानों में भारी नाराजगी और चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही बढ़ती लागत, खाद-बीज की महंगाई और मौसम की मार से परेशान हैं, ऐसे समय में सरकार और प्रशासन को किसानों के साथ संवेदनशीलता के साथ खड़ा होना चाहिए।
रविन्द्र महाजन जी ने कलेक्टर महोदय से मांग की कि सभी प्रभावित किसानों को शीघ्र उचित राहत राशि प्रदान की जाए तथा जिन किसानों का सर्वे नहीं हुआ है, उनका पुनः सर्वे कराकर उन्हें भी मुआवजे का लाभ दिया जाए। साथ ही फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। ज्ञापन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि किसानों को शीघ्र राहत नहीं मिली तो किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक खराब हो जाएगी। इस अवसर पर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


