बड़वानी/संदीप कुशवाह/खबर डिजिटल/ जिले के सेंधवा शहर के सबसे व्यस्त मार्ग सेंधवा–खेतिया स्टेट हाईवे पर शनिवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। निवाली रोड स्थित सिविल अस्पताल तिराहे के पास सुबह करीब 7 बजे खल काकड़े से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन ट्रेलर में भरी बोरियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
संतुलन बिगड़ने से हादसा
जानकारी के अनुसार खेतिया से नीमच की ओर खल काकड़े लेकर जा रहा ट्रेलर (RJ 09 GD 5745) मोड़ पर अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गया। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील है, जहां चौपाटी संचालित होती है और सिविल अस्पताल जाने के लिए भी इसी मार्ग का उपयोग किया जाता है। साथ ही सुबह के समय स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी यहीं खड़े होकर स्कूल वाहनों का इंतजार करते हैं।
आवाजाही कम होने से बड़ा हादसा टला
स्कूलों के समय में बदलाव और सुबह का वक्त होने के कारण उस समय यातायात और लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम थी, जिससे एक बड़े जानलेवा हादसे से बचाव हो सका। ट्रेलर चालक श्यामलाल मीणा ने बताया कि उसकी गति कम थी। मोड़ पर जैसे ही उसने ट्रेलर को टर्न लिया, पीछे ट्रेलर ने झोल मारा और वाहन पलट गया। उन्होंने बताया कि उन्हें कोई चोट नहीं आई, लेकिन पूरा माल सड़क पर फैल गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में यातायात को सुचारू कराया। पुलिस द्वारा बिखरे माल को हटवाकर रास्ता खुलवाया गया, जिससे आवागमन सामान्य हो सका।


