निवाड़ी/हेमंत वर्मा/खबर डिजिटल/ निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर कस्बे में शुक्रवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने बीच सड़क पर बैठकर जमकर हंगामा किया। युवती रोते-बिलखते हुए लगातार एक ही बात दोहराती रही— “दीपक को बुला दो, वह थाने में है, मुझे उससे मिला दो।” युवती के सड़क पर बैठ जाने से कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पृथ्वीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और युवती से पूछते रहे कि दीपक कौन है और वह कहां की रहने वाली है। युवती रोते हुए बताती रही कि वह पिछले 9 माह से दीपक के साथ रह रही है, उससे प्यार करती है और किसी भी हालत में उससे मिलना चाहती है।
युवक से करती है प्रेम
जानकारी के अनुसार हंगामा कर रही युवती का नाम पूजा पाल है, जो दीपक पाल नामक युवक से प्रेम करती है। दोनों ही निवाड़ी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। दीपक भोपाल के एक होटल में काम करता है। शुक्रवार को वह भोपाल से अपनी प्रेमिका पूजा के साथ पृथ्वीपुर पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद दीपक पूजा को छोड़कर वहां से चला गया।
भावुक होकर सड़क पर बैठी युवती
प्रेमी के चले जाने के बाद पूजा ने पहले उसे तलाशने की कोशिश की, लेकिन जब दीपक नहीं मिला तो वह भावुक होकर बीच सड़क पर बैठ गई और हंगामा शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने युवती को किसी तरह समझाकर थाने पहुंचाया।
कुछ देर बाद थाने पहुंचा दीपक
कुछ देर बाद प्रेमी दीपक भी थाने पहुंच गया, जहां दोनों की आपसी बातचीत कराई गई। पुलिस ने मामले को पारिवारिक और आपसी विवाद मानते हुए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की, बल्कि प्रेमी युगल को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में इस तरह की हरकत न करें। इसके बाद दोनों को साथ जाने दिया गया। घटना के चलते कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की समझाइश से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।


