खबर डिजिटल कटनी–स्लीमनाबाद तहसील के भूला–टिकरिया क्षेत्र में अवैध बॉक्साइट उत्खनन का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। खनन माफिया इतने बेखौफ हो चुके हैं कि अब उन्होंने प्रशासनिक जांच को ही रोकने के लिए खनन स्थल तक जाने वाले मुख्य मार्ग को जेसीबी मशीन से काट दिया।स्थानीय लोगों के अनुसार, जानबूझकर रास्ते में गहरी नाली खुदवाई गई है, जिससे चार पहिया वाहन मौके तक नहीं पहुँच पा रहे हैं। इसका सीधा फायदा खनन माफिया को मिल रहा है, क्योंकि जांच में देरी होते ही अवैध खनन के सबूत आसानी से मिटा दिए जाते हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि माफिया को अधिकारियों की गतिविधियों की पहले से जानकारी मिल जाती है। जैसे ही किसी जांच दल के आने की खबर मिलती है, रात में खनन में लगे मजदूर, ट्रैक्टर और जेसीबी मशीनें तुरंत हटा ली जाती हैं। रास्ते में खुदवाई गई नाली इसी साजिश का हिस्सा मानी जा रही है।सूत्रों के मुताबिक, हर रात 3 से 4 ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन से देर रात से सुबह लगभग 5 बजे तक बॉक्साइट का अवैध उत्खनन किया जाता है। सुबह होते ही पूरा इलाका शांत नजर आने लगता है।शिकायतकर्ताओं ने जीपीएस लोकेशन युक्त फोटो और अन्य प्रमाण प्रशासन को सौंपे हैं, जिससे खनन स्थल की पहचान स्पष्ट है, इसके बावजूद अब तक न तो खनिज विभाग और न ही राजस्व व पुलिस प्रशासन ने मौके पर जाकर ठोस कार्रवाई की है।शिकायत में अजय गौतम नामक व्यक्ति का नाम भी सामने आया है, लेकिन न तो उससे पूछताछ की गई है और न ही किसी प्रकार की जिम्मेदारी तय हुई है। इससे खनन माफिया को संरक्षण मिलने की आशंका और गहरी हो गई है।ग्रामीणों का कहना है कि यह अवैध खनन शासकीय भूमि पर किया जा रहा है, जिससे शासन को रोजाना लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। साथ ही पर्यावरण, किसानों की जमीन और ग्रामीण सड़कों को भारी नुकसान पहुँच रहा है।अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक आंखें मूंदे रहता है और कब इस अवैध खनन पर लगाम लगाई जाती है।
भूला–टिकरिया में अवैध बॉक्साइट खनन का खेल, जांच से पहले ही रास्ता काटकर माफिया ने खड़ा किया अवरोध
सम्बंधित ख़बरें


