भोपाल/परवेज खान/खबर डिजिटल/ लिंक रोड नंबर 01 पर रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब BCLL की TR-4 बस अचानक धुआं-धुआं हो गई। चलते सफर के दौरान बस से धुआं उठता देख सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर और कंडक्टर ने तुरंत बस रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और खुद भी भागकर जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दी जानकारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में कुछ ही सेकंड में धुआं भर गया था, जिससे दम घुटने की स्थिति बनने लगी थी। समय रहते बस खाली कर दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पाया।
बसों के मेंटनेंस पर उठे सवाल
घटना के बाद BCLL की बसों के मेंटनेंस को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। शहर में लगातार सामने आ रही खराबी और तकनीकी फॉल्ट की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रही हैं। यात्री कहते हैं कि रोजाना हज़ारों लोग इन बसों में सफर करते हैं, ऐसे में समय-समय पर उचित जांच और मेंटनेंस बेहद जरूरी है।
फिलहाल बस को डिपो ले जाया गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


