बैतूल/ सचिन जैन/ खबर डिजिटल/ आमतौर पर स्कूलों में बच्चों से पूछा जाता है कि हाथ और पैरों की कुल अंगुलियां कितनी होती हैं, तो जवाब आता है 20। लेकिन मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जन्मा एक नवजात बच्चा इस सवाल का जवाब 24 देगा। यह बच्चा हाथों की 12 और पैरों की 12 अंगुलियों के साथ जन्मा है, जो कि एक बेहद दुर्लभ चिकित्सकीय मामला माना जा रहा है।
निजी अस्पताल में हुआ अनोखा जन्म
यह नवजात बैतूल के एक निजी अस्पताल में जन्मा है। बच्चे के माता-पिता अपनी पहचान उजागर नहीं करना चाहते, लेकिन वे इस अनूठे बच्चे के जन्म से बेहद खुश हैं। डॉक्टरों के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
डॉक्टरों ने बताया कारण
अस्पताल की संचालक डॉक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला गर्भ में शिशु के विकास के दौरान हुए बदलाव से जुड़ा है। गर्भावस्था में शिशु के हाथ पहले दस्ताने जैसी संरचना में बनते हैं और बाद में उंगलियों का विकास होता है। इसी प्रक्रिया के दौरान यदि कोई जैविक परिवर्तन हो जाए, तो सामान्य से अधिक उंगलियां विकसित हो सकती हैं।
सभी 24 अंगुलियां पूरी तरह कार्यशील
डॉक्टरों के मुताबिक कई मामलों में अतिरिक्त उंगलियां कार्यशील नहीं होतीं, लेकिन इस नवजात के हाथ और पैरों की सभी 24 अंगुलियां पूरी तरह सक्रिय और सामान्य हैं। फिलहाल मां और बच्चे को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
यह दुर्लभ जन्म बैतूल जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।


