सीहोर/कन्हैया नाथ/खबर डिजिटल/ जिले के भेरूंदा थाना क्षेत्र में सक्रिय लुटेरी दुल्हन गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड समेत सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह फर्जी शादी के जरिए लोगों को ठगने का काम कर रहा था। भेरूंदा पुलिस बीते करीब डेढ़ महीने से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
फर्जी शादी के नाम पर 1.71 लाख की ठगी
ग्राम राला निवासी फरियादी सचिन गुप्ता ने भेरूंदा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने शादी कराने का झांसा देकर उससे 1 लाख 71 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मास्टरमाइंड सहित तीन और आरोपी गिरफ्तार
पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। शेष फरार आरोपियों में कृष्ण कुमार शर्मा उर्फ मुकेश शर्मा निवासी भोपाल, राधा बाई उर्फ निम्मू बाई निवासी इंदौर और अनवर पिता रहीस खां निवासी लेखी थाना कांटाफोड़, जिला देवास को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार अनवर इस गिरोह का मास्टरमाइंड है।
सभी आरोपी जेल भेजे गए
एसडीओपी भेरूंदा रोशन कुमार जैन ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


