Ajay Vishnoi: भोपाल के पॉश चार इमली इलाके में बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। बदमाशों ने बंगले के ताले तोड़ने की कोशिश की, लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो दरवाजों की चटकनियां उखाड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद घर में रखे सामान की तलाशी ली और कुछ सामान चोरी कर फरार हो गए।
वारदात रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। चोर सरकारी बंगले से नल की टोटियां और अन्य सामान ले गए हैं। घटना के बाद चार इमली जैसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ताले नहीं टूटे तो चटकनियां उखाड़कर घुसे
पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने पहले बंगले के ताले खोलने या तोड़ने की कोशिश की। जब इसमें कामयाबी नहीं मिली तो उन्होंने दरवाजों की चटकनियां उखाड़ दीं और अंदर दाखिल हो गए।बदमाशों ने घर के अलग-अलग हिस्सों में जाकर सामान खंगाला। शुरुआती जानकारी के अनुसार नल की टोटियों समेत कुछ अन्य सामान चोरी हुआ है। पुलिस चोरी गए सामान की पूरी सूची तैयार कर रही है।
सामने रहता है स्पेशल डीजी का परिवार
अजय विश्नोई का सरकारी आवास चार इमली इलाके में है। खास बात यह है कि विधायक के बंगले के ठीक सामने स्पेशल डीजी का सरकारी आवास भी है। इसके बावजूद दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आने से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना की शिकायत हबीबगंज थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
मऊगंज विधायक के बंगले में भी हुई थी चोरी
इससे पहले भोपाल में मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल के सरकारी आवास में भी चोरी का मामला सामने आया था। इस घटना की शिकायत अरेरा हिल्स थाने में दर्ज कराई गई थी।
शिकायत में विधायक के पीए डॉ. रमानंद पटेल ने बताया था कि वह 7 जून को मऊगंज से भोपाल आए थे और विधायक के रेस्ट हाउस के खंड-3 के कमरा नंबर 74 में रुके थे। सुबह करीब 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच कमरे में चोरी हुई थी।
सरकारी आवासों की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
विधायकों के सरकारी आवासों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद सरकारी परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अजय विश्नोई के आवास में हुई चोरी के मामले में पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
ये खबर भी पढ़ें..
