भोपाल/परवेज खान/खबर डिजिटल/ समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने भोपाल में गौ मांस कांड को लेकर वार्ता की और कहा कि गौ माता हमारी आस्था है, इसे किसी भी तरह का राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि गौ माता को मारने वालों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी।
17 दिसंबर 2025 की रात जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में PHQ के पास एक कंटेनर ट्रक पकड़ा गया, जिसमें 26.5 टन मांस था। शुरुआत में इसे भैंस का मांस बताया गया, लेकिन मथुरा की सरकारी लैब रिपोर्ट में यह गाय या उसके वंश का मांस पाया गया।
मिलीभगत या सिस्टम की विफलता?
यह मामला मांस तस्करी से बढ़कर सिस्टम की नाकामी और मिलीभगत का प्रतीक बन गया है। जिंसी स्लॉटर हाउस नगर निगम के अधीन है और MIC इसका संचालन नियंत्रित करता है। MIC ही ठेका, लीज और संचालन की शर्तें तय करता है। ऐसे में महापौर मालती राय और MIC के सदस्यों की भूमिका सवालों के घेरे में है।
CCTV फुटेज क्यों नहीं सार्वजनिक?
सपा ने सवाल उठाया कि जिंसी स्लॉटर हाउस के CCTV फुटेज अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि अगर फुटेज दिखाए जाएं तो सच सामने आ जाएगा, और बेगुनाहों को फंसाने की राजनीति रुक जाएगी।
सरकार की गौ भक्ति पर सवाल
मुख्यमंत्री मोहन यादव खुद को गौ-पालक बताते हैं, लेकिन 26.5 टन गाय का मांस पकड़े जाने से उनकी गौ भक्ति पर संदेह उत्पन्न होता है। सपा ने इसे राजनीतिक ढोंग बताया और कहा कि गौ माता को केवल भाषणों में नहीं, असल जमीन पर सुरक्षित होना चाहिए।
न्यायिक जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
सपा ने मांग की कि महापौर मालती राय, MIC और मंत्री विश्वास सारंग की भूमिका की न्यायिक जांच हो। दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। अगर सरकार ने कार्रवाई नहीं की, तो सपा महापौर और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी।


