भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ भोपाल नगर निगम कार्यालय परिसर में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक नाराज कर्मचारी ने जमकर हंगामा करते हुए महापौर मालती राय की गाड़ी में आग लगाने का प्रयास किया। कर्मचारी ने कुछ कागजों को आग के हवाले कर उन्हें महापौर की गाड़ी की छत पर रख दिया। हालांकि, मौके पर मौजूद कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा होने से टल गया। जलते हुए कागजों को हटाने और आग बुझाने की कोशिश के दौरान नगर निगम कर्मचारी रामसिंह यादव के हाथ झुलस गए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे महापौर की गाड़ी को गंभीर नुकसान होने से बचा लिया गया।
मांगें पूरी नहीं होने से नाराज था कर्मचारी
जानकारी के मुताबिक, संबंधित कर्मचारी अपनी मांगों का समाधान नहीं होने और अन्य समस्याओं को लेकर नाराज चल रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी तबीयत भी कुछ समय से खराब थी और वह अस्पताल में भर्ती होकर उपचार करा रहा था। सोमवार को वह अस्पताल से सीधे नगर निगम कार्यालय पहुंचा और परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
इंदौर बीजेपी नगर अध्यक्ष भूले देश के पहले प्रधानमंत्री का नाम… उनकी नजर में वल्लभभाई पटेल पहले पीएम
पर्चे लेकर की नारेबाजी
नगर निगम कार्यालय पहुंचने के बाद कर्मचारी ने हाथ में पर्चे लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद वह महापौर मालती राय की गाड़ी के पास पहुंचा और कुछ कागजों में आग लगाकर उन्हें वाहन की छत पर रख दिया।आग की लपटें देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और जलते हुए कागजों को गाड़ी से हटा दिया। इसी दौरान आग बुझाने की कोशिश में कर्मचारी रामसिंह यादव के हाथ झुलस गए। कर्मचारियों की तत्परता के कारण आग वाहन तक फैलने से पहले ही बुझा दी गई।
पर्चों पर कर्मचारी संगठन का नाम
हंगामे के दौरान कर्मचारी की ओर से परिसर में फेंके गए पर्चों पर ‘कर्मचारी नगर निगम भोपाल’ के साथ ‘सम्राट अशोक संगठन’ का नाम लिखा हुआ था। इन पर्चों पर ‘सुनील गायकवाड़, कर्मचारी अध्यक्ष, नगर निगम भोपाल’ का नाम भी अंकित बताया जा रहा है। घटना के बाद नगर निगम कार्यालय परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल कर्मचारी के हंगामे और महापौर की गाड़ी में आग लगाने के प्रयास के मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
Bhopal News: ‘काजी कैंप पर मिसाइल गिरा दो’… बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का बयान
