मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारी संस्कृति हमें त्यौहारों के जरिए आनंदोत्सव मनाने का अवसर देती है। फाग क्या है, यह हमारे जीवन के आनंद का राग है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसरोवर सभागार में विधानसभा सचिवालय एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित फाग उत्सव में शामिल होकर सबके साथ फूलों की होली खेली। मुख्यमंत्री ने होली गीत भी गाये।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार, उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र कुमार शुक्ल, नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्यमंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल, परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना सहित तथा अन्य सभी मंत्रीगण, विधायकगण, पत्रकारगण, म.प्र. विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री ए.पी. सिंह व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
“फाग” में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी पर पुष्प वर्षा कर फूलों की होली खेलकर होली की शुभकामनाएं दीं। फाग उत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। एक प्रतिष्ठित बैंड होली गीत गाये और बजाये। कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने गोविंदा आला रे, राधे-राधे जब वो चले आएंगे बिहारी जैसे सुमधुर गीतों का गायन किया तो मुख्यमंत्री डॉ. यादव सहित सभी मंत्रीगण खुद को थिरकने से रोक न सकें। मुख्यमंत्री ने स्वयं भी होली गीत गाये।


