चंदेरी/ खबर डिजिटल: राज्य शासन की योजना के अनुसार विकासखंड चंदेरी अंतर्गत विद्यालयों में अध्यनरत कक्षा 6 और 9 के पात्र छात्र छात्राओं को निशुल्क साइकिलों का वितरण विधायक जगन्नाथ सिंह जी रघुवंशी के द्वारा विकास खण्ड स्तरीय समारोह के दौरान किया गयाl इस दौरान विद्यालय प्रांगण हरकुंड में साइकिल वितरण मेला आयोजित किया गयाl
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक जगन्नाथ सिंह जी रघुवंशी उपस्थित रहे। विधायक रघुवंशी के द्वारा सर्वप्रथम ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा अर्चना की गई और सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में विधायक ने सभी छात्रों से आह्वान किया कि वह मन लगाकर पढ़ें और अच्छा परिणाम दें। शासन की सभी योजनाओं का पूरा-पूरा लाभ लें और आदर्श नागरिक बनकर भविष्य में अपना, अपने माता-पिता का, अपने विद्यालय का, गुरुजनों का और अपने देश का नाम रोशन करेंl बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करते हुए विधायक ने कहा कि “जो बच्चे गरीबी में संघर्ष करते हैं उनका भविष्य सुखमय होता है।” अपने संबोधन के पश्चात विधायक जी के द्वारा हितग्राही छात्रों को तिलक लगाकर माल्यार्पण करके, साइकिल भेंट की गई l अपनी अपनी साइकिल पाकर बच्चे प्रसन्नचित होकर साइकिल में पैडल मारते हुए अपने घरों की ओर गए। साइकिल मेले में हाई स्कूल अमरोद, माध्यमिक विद्यालय हसारी, तगारी, बांकलपुर, पिपरौद, मोहनपुर,चिमला,नयाखेड़ा, विक्रमपुर, डुंगासरा, मीठाखेड़ा, छपरा आदि ग्रामों के कक्षा 6 और कक्षा 9 के उपस्थित पात्र 151 छात्रों को साइकिलों का वितरण किया गया। जिसमें कक्षा 6 के 63 बालक और 46 बालिकाओं को कुल 109 साइकिल,इसी प्रकार कक्षा 9 में अध्ययनरत 19 बालकों को और 23 बालिकाओं सहित कुल 42 विद्यार्थियों को साइकिल दी गई। साइकिल वितरण के पश्चात् विधायक के द्वारा विद्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण किया गया। इस समारोह के दौरान सैकड़ो छात्र, छात्राएं उनके अभिभावक और संबंधित विद्यालय की शाला प्रभारी सहित विधायक प्रतिनिधि संजीव चौबे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेश तिवारी, बीआरसीसी वेद प्रकाश गोयल, साइकिल वितरण प्रभारी राम सिंह लोधी, साइकिल वितरण सहायक गयाप्रसाद अहिरवार, हुकुम लाल सिमरैया, नितेश तिवारी, सुरेश रावत, अमित दुबे,बीएसी अशोक ओझा, गोधन सिंह नरवरिया, धर्मपाल सिंह बुंदेला, जितेंद्र रैंकवार, जनशिक्षक परमाल सिंह कौशिक, बलराम शर्मा, कैलाश कोली, प्राथमिक विद्यालय हरकुंड के विद्यालय प्रमुख राकेश श्रोत्रिय, दिनेश सोनी दीपक जैन, शाकिरा बानो, सबोदरा बाई आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अन्त में बीआरसीसी वेद प्रकाश गोयल ने सभी का आभार व्यक्त किया l


