PM Modi Mann Ki Baat: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज आकाशवाणी के माध्यम से अपने 127वें ‘मन की बात’ एपिसोड में देश और विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा किए। इस दौरान उन्होंने जीएसटी बचत उत्सव का जिक्र किया और बताया कि इस बार स्वदेशी वस्तुओं की खरीद में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे त्योहारों की रौनक पहले से कहीं अधिक नजर आई।

पीएम मोदी ने पिछले साल लखनऊ में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट में रिया नामक मुधोल हाउंड कुत्ते की उपलब्धियों का भी स्मरण किया। रिया ने विदेशी नस्लों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम पुरस्कार जीता था। इसके अलावा उन्होंने छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित इलाके में गश्त के दौरान एक स्वदेशी कुत्ते द्वारा 8 किलोग्राम विस्फोटक का पता लगाने की घटना का भी जिक्र किया और बीएसएफ एवं सीआरपीएफ की सराहना की।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देश में सकारात्मक ऊर्जा की धारा का प्रवाह प्रारंभ किया है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री जी नवाचारों और सफल प्रयासों को प्रेरणा स्वरूप प्रदान करते हुए ‘लघु भारत’ की सशक्त छवि उकेरते हैं।


