डिंडौरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ अखिल भारतीय बधिर खेल परिषद, त्रिशूर (केरल) द्वारा आयोजित 21वीं राष्ट्रीय बधिर पुरुष क्रिकेट चैंपियनशिप में डिंडौरी जिले के प्रतिभावान मूक-बधिर खिलाड़ी गुलाब चंद साहू का चयन होने पर जिले में खुशी की लहर है। उनके चयन के बाद कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने खिलाड़ी को आवश्यक सहायता राशि उपलब्ध कराकर सराहनीय पहल की है।
त्रिशूर में आयोजित होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता 27 से 31 दिसंबर 2025 तक केरल के त्रिशूर में आयोजित की जा रही है। उत्कृष्ट खेल कौशल के आधार पर गुलाब चंद साहू को मध्यप्रदेश टीम में ऑलराउंडर के रूप में चुना गया है। खास बात यह है कि उन्हें टीम का कप्तान भी बनाया गया है, जो जिले के लिए गौरव की बात है।
कलेक्टर ने दी त्वरित सहायता
प्रतियोगिता में भागीदारी से जुड़े प्रबंधों हेतु खिलाड़ी ने 8,000 रुपए की आवश्यकता बताई थी। आवेदन प्राप्त होते ही कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित सहायता स्वीकृत कर राशि उपलब्ध कराई। इससे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर आत्मविश्वास के साथ प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हो सकेगा।
जिला प्रशासन का जताया आभार
गुलाब चंद साहू ने कलेक्टर श्रीमती भदौरिया एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया तथा कहा कि वे राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करने का हर संभव प्रयास करेंगे।


