सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी– शहर में बेलगाम रफ्तार एक बार फिर हादसे की वजह बनी। माधवनगर थाना क्षेत्र की झिंझरी चौकी अंतर्गत बिलहरी रोड पर कॉलेज जा रही छात्राओं से भरे ई-रिक्शा ऑटो को पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में ऑटो चालक सहित कई छात्राएं घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार यह हादसा बिलहरी रोड स्थित शारदा फैक्ट्री के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि छात्राएं ई-रिक्शा में सवार होकर गर्ल्स कॉलेज जा रही थीं, तभी पीछे से तेज गति से आई कार ने ऑटो को जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा में बैठी छात्राएं सड़क पर जा गिरीं।हादसे के तुरंत बाद मौके से गुजर रहे बिलहरी में पदस्थ पटवारी सचिन श्रीवास्तव ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल डायल 112 को सूचना दी और अपनी बुलेरो वाहन से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है।घायलों में ऑटो चालक दिनेश यादव निवासी पुरैनी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वहीं घायल छात्राओं में माया चौधरी और मुस्कान पटेल निवासी झुकेही, कुमकुम रजक और खुशी विश्वकर्मा निवासी जोबीकला, सीमा यादव निवासी चन्हटा, साधना लोधी एवं अंजनी लोधी निवासी पिपरिया शामिल हैं।हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि बिलहरी रोड पर लगातार तेज रफ्तार वाहनों का आतंक बढ़ता जा रहा है, लेकिन यातायात विभाग और पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।फिलहाल झिंझरी पुलिस अज्ञात कार चालक की तलाश में जुटी हुई है। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर सड़क पर दौड़ते लापरवाह वाहन चालकों पर कब लगाम लगेगी।
कॉलेज जा रही छात्राओं पर टूटा रफ्तार का कहर, बिलहरी रोड पर बड़ा हादसा
सम्बंधित ख़बरें
