भोपाल/ खबर डिजिटल/ बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के ताजा बयान ने मध्य प्रदेश की राजनीति में उबाल ला दिया है। शास्त्री ने 301 कन्याओं के विवाह महोत्सव के दौरान कहा कि सिर्फ सीताराम जपने से धर्म नहीं बचेगा, अब माला के साथ भाला भी रखना होगा। उन्होंने हिंदुओं को मठों से निकलकर धर्म की रक्षा करने का आह्वान किया।
कांग्रेस का पलटवार
शास्त्री को बीजेपी दफ्तर में बैठना चाहिए
कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने इस बयान को विभाजनकारी करार दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शास्त्री को विधिवत एक-दो घंटे भाजपा कार्यालय में बैठना चाहिए क्योंकि वे भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। नायक ने आरोप लगाया कि शास्त्री देश का सौहार्द्र बिगाड़ रहे हैं और उन पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने तुलसीदास जी की चौपाई का हवाला देते हुए कहा कि कलियुग में धर्म को राजनीति का औजार बनाकर श्रद्धा का दोहन किया जा रहा है।
भाजपा का जवाब
कांग्रेस का डीएनए सनातन विरोधी
बीजेपी विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने कांग्रेस के आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब भी सनातन धर्म के उत्थान की बात आती है, कांग्रेस नेता विरोध में खड़े हो जाते हैं। चंद्रवंशी ने राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि इसी ‘सनातन विरोधी’ मानसिकता के कारण कांग्रेस पतन की ओर जा रही है। उन्होंने शास्त्री का बचाव करते हुए कहा कि वे विश्व भर में भगवा का सम्मान बढ़ा रहे हैं और सनातन की अलख जगा रहे हैं।
