डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ डिंडौरी जिले के शहपुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम गुतलवाह में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का गरिमामय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने विभागीय शिविरों का जायजा लिया और शासन की कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया।
विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण और योजनाओं की समीक्षा
अभियान के शुभारंभ पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए, स्टालों, कैंपों का कलेक्टर ने गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उन्हें स्वास्थ्य, राजस्व, कृषि और सामाजिक न्याय विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा योजनाओं का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया।
संवेदनशीलता की मिसाल
जन विश्वास अभियान के शुभारंभ में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने वीरांगना रानी दुर्गावती अंग्रेजी माध्यम कन्या आश्रम, शहपुरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक बेहद संवेदनशील और आत्मीय दृश्य देखने को मिला, जब कलेक्टर ने स्वयं अपने हाथों से आश्रम की छात्राओं को जूते पहनाए।
छात्राओं से संवाद करते हुए उन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया और कहा “आप सभी लगन से पढाई करें, सफलता का कोई छोटा रास्ता नहीं होता, इसलिए पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ शिक्षा ग्रहण करें।” आत्मविश्वास बनाए रखें: जीवन में आने वाली किसी भी चुनौती से घबराने की आवश्यकता नहीं है, हमेशा निडर होकर आगे बढ़ें।
सुविधाओं का लिया जायजा: निरीक्षण के दौरान आश्रम की व्यवस्थाओं, भोजन की गुणवत्ता और आवासीय परिसरों की स्वच्छता की भी जाँच की गई। कलेक्टर की इस सादगी और आत्मीयता ने न केवल आश्रम की छात्राओं का मनोबल बढ़ाया, बल्कि पूरे जिले में प्रशासनिक संवेदनशीलता का एक सकारात्मक संदेश भी दिया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, और प्रशासनिक अमला ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
