डिंडौरी/शैलेंद्र नामदेव/खबर डिजिटल/ शाहपुर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 28 किलो जंगली मांस, जंगली सुअर, बार्किंग हिरन (घुटरी) का सिर, लोहे का फंदा, कुल्हाड़ी और शिकार में उपयोग होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए।
करंट से शिकार करने की सूचना
यह कार्रवाई कक्ष क्रमांक 124 कुदवारी क्षेत्र में की गई, जहां रविवार रात लगभग 2 बजे बिजली के करंट से अवैध शिकार किए जाने की सूचना मिली थी। टीम ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को थैले में मांस ले जाते पकड़ा। पूछताछ के बाद उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर शिकार करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं–
भान सिंह (25) निवासी ग्राम द्वारा, पोस्ट दुहनिया
सिकंदर मार्को (22) निवासी ग्राम ग्वारा, पोस्ट दुहनिया
संजय कुमार (32) निवासी ग्राम ग्वारा, पोस्ट दुहनिया, जिला डिंडौरी
आरोपियों पर की कार्रवाई
वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस पूरे अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी सुनील कुमार अशोक, डिप्टी रेंजर धनवीर सिंह मरावी सहित वन विभाग के अन्य अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


