सागर/हर्षित पाण्डेय/खबर डिजिटल/ जिले के परसोरिया बस स्टैंड पर बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो शराबियों ने कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और कलेक्टर संदीप जी.आर. की गाड़ियों को रोकने की कोशिश की। घटना दोपहर करीब साढ़े 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। इस दौरान दोनों शराबी मंत्री और कलेक्टर की गाड़ी के सामने आ गए, और हाईवोल्टेज ड्रामा करना शुरु कर दिया।
खून से लथपथ था एक शराबी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों शराबी बस स्टैंड पर हंगामा कर रहे थे। इनमें से एक शराबी खून से लथपथ था, उसने ब्लेड से अपने सिर पर वार कर खुद को घायल कर लिया। दोनों नशे में चूर होकर कलेक्टर से ‘न्याय’ की मांग कर रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे, जिससे उनकी बात समझना मुश्किल था।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के दौरान कलेक्टर संदीप जी.आर. ने मौके पर ही पुलिस को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन सानौधा थाना पुलिस समय पर नहीं पहुंची। करीब 20 मिनट बाद 112 डायल पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा और दोनों शराबियों को काबू में लिया गया।
मौके पर जमा हो गई भारी भीड़
इस दौरान मंत्री और कलेक्टर दोनों को कुछ देर वहीं रुकना पड़ा, जिससे बस स्टैंड पर भारी भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और कलेक्टर संदीप जी.आर. पड़रिया में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम से लौट रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड क्षेत्र में आए दिन नशे में धुत लोगों द्वारा हंगामा करने की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्त और निगरानी कमजोर है। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


