भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र में एक युवक की मौत के बाद बवाल की स्थिति बन गई, जोकि DSP का साला था। युवक की मौत के मामले में दो पुलिसकर्मियों पर आरोप लगा है, कि उनके मारपीट करने के चलते युवक की मौत हुई है। मारपीट के वीडियो भी सामने आया है। वहीं युवक को उसके दोस्तों ने बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हार्ट अटैक को बताया मौत का कारण
पुलिस का कहना है कि घबराने पर युवक को हार्ट अटैक आया था। मामले में दो आरक्षकों संतोष बामनिया और सौरभ आर्य को निलंबित किया गया है। घटना के बाद एम्स में भारी पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित ना हो।
पोस्टमार्टम की होगी वीडियोग्राफी
मामले की गंभीरता को ध्यान में रखकर पांच डॉक्टरों का पैनल तैयार किया गया है, जोकि पोस्टमार्टम करेगा। पीएम की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। जानकारी के मुताबिक दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बीटेक फाइनल ईयर का छात्र था युवक
जानकारी के मुताबिक मृतक उदित पुत्र राजकुमार गायकी वीआईटी कॉलेज में बीटेक फाइनल ईयर का स्टूडेंट था। उसके पिता एमसीबी कर्मी और मां टीचर हैं। उसके बहनोई डीएसपी हैं और फिलहाल बालाघाट में पदस्थ हैं। दरअसल उदित अपने दोस्तों के साथ इंद्रपुरी इलाके में डांस कर मस्ती कर रहा था। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर मारपीट की थी। गया था।
दोस्तों ने लगाए पुलिसकर्मियों पर आरोप
उदित के दोस्तों का आरोप है कि रात करीब 11 बजे उदित ने उन्हें फोन लगाकर बुलाया था। वो छह लोग साथ थे, जिन्होंने मिलकर पार्टी की थी। वहीं जब एक दोस्त उदित को छोड़ने जा रहा था तो पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और जमकर मारपीट की। साथ ही 10 रुपये देने की मांग की। इसी दौरान करीब डेढ़ बजे उदित उल्टियां करने लगा, तो उसे दोस्त पास के अस्पताल ले गए, लेकिन वहां से उन्हें एम्स रवाना कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उदित को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
उदित की मौत को लेकर आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है, हालांकि अब मामले का सारा फोकस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर है। वहीं मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं, जिसके चलते काफी गहनता से जांच की जा रही है।


