सिवनी/खबर डिजिटल/संतोष बंदेवार/ सिवनी जिला अंतर्गत आने वाले ग्राम कान्हीवाड़ा में उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्युत विभाग की टीम ने अचानक गांव में दबिश दी। विभाग के इस औचक निरीक्षण (सरप्राइज चेकिंग) से क्षेत्र के बिजली चोरों में खलबली मच गई। कार्रवाई के दौरान टीम ने पांच घरों में सीधे तौर पर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा, जिसके बाद उनके खिलाफ कड़ी चालानी कार्रवाई की गई।
चोरी की शंका पर मारा छापा
जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग को पिछले कुछ समय से कान्हीवाड़ा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी शंका के आधार पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की एक संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से अचानक गांव में निरीक्षण किया। टीम को अचानक अपने सामने देखकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
कटिया डालकर चलाई जा रही थी बिजली
निरीक्षण के दौरान टीम ने जब संदिग्ध घरों की जांच की, तो 5 घरों में मुख्य लाइन से सीधे अवैध कनेक्शन (कटिया डालकर) कर बिजली चोरी की जा रही थी। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर ही अवैध तारों को जब्त किया और पंचनामा तैयार कर 5 उपभोक्ताओं के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गयी।
कार्रवाई से मचा हड़कंप
इस औचक निरीक्षण के बाद से कान्हीवाड़ा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में अवैध बिजली कनेक्शन धारकों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। कई लोग कार्रवाई के डर से अपने अवैध कनेक्शन खुद ही हटाते नजर आए। विभाग ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें और भारी-भरकम जुर्माने व अदालती कार्रवाई से बचें।
