बुरहानपुर/रिजवान खान/खबर डिजिटल/ मालेगांव में सामने आए नकली नोट कांड की जांच अब मध्यप्रदेश तक पहुंच गई है। बुधवार को महाराष्ट्र की मालेगांव पुलिस और खंडवा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुरहानपुर निवासी आरोपी जुबेर अंसारी के घर पर छापा मारा। पुलिस टीम ने मौके पर बारीकी से तलाशी ली और परिजनों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए।
परिवार से की पूछताछ, जुटाई अहम जानकारी
सूत्रों के मुताबिक, दोनों जिलों की पुलिस ने आरोपी जुबेर अंसारी के पिता और भाई से लंबे समय तक पूछताछ की। इस दौरान उनके मोबाइल, दस्तावेज़ और संदिग्ध सामग्रियों की भी जांच की गई। पुलिस को शक है कि नकली नोट गिरोह से जुड़ी अहम जानकारियां जुबेर के संपर्कों से सामने आ सकती हैं।
भीड़ जुटी, स्थानीय पुलिस भी रही मौजूद
कार्रवाई की खबर लगते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस बल भी तैनात रहा।
दूसरे आरोपी के घर भी पहुंची पुलिस
बताया जा रहा है कि खंडवा और महाराष्ट्र पुलिस की टीम इटवारा स्थित दूसरे आरोपी प्रतीक नवलखे के घर भी पहुंची और वहां भी सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस दोनों आरोपियों से जुड़े नेटवर्क की तहकीकात कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मालेगांव नकली नोट प्रकरण में जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। जांच जारी है।


