भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश की राजनीति में एक बार फिर संभावित बड़े बदलाव को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और देवतालाब से भाजपा विधायक गिरीश गौतम को अचानक भोपाल बुलाए जाने के बाद सियासी हलकों में अटकलें तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार को भोपाल से बुलावा आने के बाद विधायक ने अपने पहले से निर्धारित सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए।
विंध्य में गिरीश गौतम की अच्छी पकड़
गिरीश गौतम को विंध्य क्षेत्र के भाजपा के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में माना जाता है। ऐसे में अचानक भोपाल बुलाए जाने की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जाने लगे हैं। माना जा रहा है कि पार्टी संगठन या सरकार से जुड़े किसी महत्वपूर्ण विषय को लेकर उनसे चर्चा हो सकती है।हालांकि, गिरीश गौतम को भोपाल बुलाने के पीछे वास्तविक वजह क्या है, इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। न ही पार्टी की ओर से इस मुलाकात को लेकर कोई स्पष्ट बयान जारी किया गया है।
बड़े राजनीतिक संकेत की तरफ इशारा
इसके बावजूद जिस तरह अचानक उनका भोपाल दौरा तय हुआ और पहले से निर्धारित कार्यक्रम रद्द किए गए, उसे प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा के भीतर संभावित संगठनात्मक अथवा राजनीतिक फेरबदल की चर्चाओं के बीच गिरीश गौतम के भोपाल बुलावे ने इन अटकलों को और हवा दे दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि भोपाल में गिरीश गौतम की किन नेताओं से मुलाकात होती है और इस बैठक के बाद कोई बड़ा राजनीतिक संकेत सामने आता है या नहीं।
Congress News: पीसीसी चीफ जीतू पटवारी का प्रहार… कर्ज में डूबे MP में 350 करोड़ का जेट!
