मध्य प्रदेश कांग्रेस ने हरदा जिले में संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. पार्टी ने टिमरनी ब्लॉक कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है. इस नई टीम के गठन को संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि इससे ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस की सक्रियता और बढ़ेगी.
विनोद पटेल को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की सहमति के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साई ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की. जारी आदेश के अनुसार, सोडलपुर निवासी विनोद पटेल को टिमरनी ब्लॉक कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. पार्टी का मानना है कि लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे विनोद पटेल अपने अनुभव के दम पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और संगठन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे.
उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव पदों पर भी हुई नियुक्तियां
नई कार्यकारिणी में ज्ञानदास गुर्जर, रामकृष्ण राजपूत, मनोज किरार और रामु प्रजापति को उपाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं जय पालीवाल, राजेंद्र सिंह राजपूत, सुरेश बांके, अनीश शाह, रामनाथ गुर्जर और आशाराम हलदे को संगठन महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
इसके अलावा पारस किरार, हरिशंकर राजपूत, बाबा पारे, मनोज देवड़ा, सचिन राजपूत, अजय कौशल, रामोतार सेजकर और अभिषेक काजले को सचिव बनाया गया है. हरिशंकर विश्वकर्मा को कोषाध्यक्ष, राजेंद्र नागरे को मीडिया प्रभारी और चंदू सोलंकी को सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है.
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर रहेगा फोकस
कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि नई कार्यकारिणी का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है. इसके साथ ही जनसंपर्क अभियान को तेज करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित करने की जिम्मेदारी भी नई टीम निभाएगी.
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
नई जिम्मेदारियों के ऐलान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है. पार्टी नेताओं का मानना है कि सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी. आने वाले समय में यह टीम हरदा जिले में कांग्रेस की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.
