उमरियापान/ खबर डिजिटल (हर पल आपके साथ) उमरियापान क्षेत्र में शनिवार को जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव से मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का श्रृंगार कर आकर्षक झांकी सजाई गईं। भक्तों ने भगवान को भोग अर्पित कर जन्मोत्सव मनाया तथा व्रत रखकर पूजा-अर्चना की।
शाम होते ही नगर के झंडा चौक, बस स्टैंड, कटरा बाजार, नई बस्ती, अंधेलीबाग, कुदवारी मोहल्ला, बड़ी माई मंदिर, ब्यौहार मोहल्ला, मुढ़िया पुरवा और मचखण्ड़ा मोहल्ला सहित विभिन्न स्थानों पर बच्चों और युवाओं ने पारंपरिक मटकी फोड़ कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। आंखों पर पट्टी बांधकर डंडे के सहारे दूध-दही से भरी मटकी फोड़ी। इस दौरान भगवान कृष्ण के जयकारों से माहौल गुंजायमान हो उठा।मटकी फोड़ने वाले युवाओं को पुरस्कृत भी किया गया। ग्रामीण इलाके में भी कृष्णजन्माष्टमी पर्व बड़े ही उल्लास के साथ मनाया गया।


