रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ जवा पंचायत सभागार में प्रशासनिक सामान्य सभा की बैठक की गई। जिसमें जनपद अध्यक्ष जनपद सीईओ जनपद सदस्य उपस्थित हुए, एवं सभी विभागों के ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को उपस्थित होना था, लेकिन सामान्य सभा में किसी विभाग के अधिकारी नहीं उपस्थित हुए, जो एक दो विभाग के उपस्थित हुए। उनमें अधिकारी ना आकर टाइम कीपर या तृतीय वर्ग कर्मचारियों को बैठक में भेज दिया। जिससे जनपद अध्यक्ष रानू पांडे गुस्सा हो गई।
रानू पांडे ने जताई नाराजगी
जनपद अध्यक्ष रानू पांडे ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि मुझे जनपद पंचायत अध्यक्ष बने हुए 3 साल हो गए, और कई प्रशासनिक सामान्य सभा की बैठक बुलाई गई। उन बैठकों में ना तो अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित नही होते हैं, ना आज तक प्रस्तावित एजेंडो पर कोई काम हुआ है। बैठक सिर्फ फॉर्मेलिटी बनाकर रह गई है, जो भी एजेंडा में प्रस्ताव पारित किया जाता है कि अगले प्रशासनिक सामान्य सभा में इसका उल्लेख किया जाएगा, कि कितना काम हुआ है कितना नहीं। काम होने की तो बात दूर एजेंडो जो प्रस्तावित रहते हैं, उनको भी रद्दी कागज के टुकड़ा समझ कर कचरे में फेंक दिया जाता है।
पुराने एजेंडे पर जनपद अध्यक्ष ने की चर्चा
जनपद अध्यक्ष के द्वारा पुराने एजेंडे पर चर्चा की गई, जिसमें जनपद पंचायत सीईओ के द्वारा जवाब दिया गया कि मैंने अभी-अभी कुछ दिन पहले ही ज्वाइन किया है, आगे इन पर मैं विचार विमर्श कर कार्यवाही करूंगा। ऐसा कहकर वे अपना बचाव करते हुए नजर आए, वहीं सभी जनपद सदस्य गण ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगले प्रशासनिक सामान्य सभा में पूर्णता कार्रवाई होना चाहिए, और जो भी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थिति नहीं हुए हैं, उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। इस बार भी कई मुद्दों में एजेंडे प्रस्तावित कराए गए हैं।
जनपद सीईओ ने दिया आश्वासन
जनपद सीईओ ने आश्वासन दिया है कि जनपद अध्यक्ष की अगली बैठक में पूर्णता रूप से कार्यवाही की जाएगी, और अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ नोटिस जारी किया जाएगा।


