झाबुआ, नावेद रजा/खबर डिजीटल/ विद्यार्थियों की लंबित मांगों को लेकर झाबुआ जिला एनएसयूआई ने थांदला इकाई के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपते हुए एनएसयूआई ने छात्रवृत्ति वितरण में देरी, स्कूलों में मनमानी फीस वसूली और छात्राओं की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया।
जिला अध्यक्ष नरवेश अमलियार ने कहा कि पिछले 2-3 वर्षों से छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिली, वहीं कई स्कूलों में तय शुल्क से अधिक वसूली की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिला कोर कमेटी ने 9-10वीं के लिए ₹1250 और 11-12वीं के लिए ₹1350 शुल्क तय किया है, फिर भी स्कूल प्रशासन ₹1650 से ₹2000 तक फीस ले रहे हैं।
अमलियार ने भाजपा सरकार पर छात्रों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि आदिवासी बाहुल्य झाबुआ जिले में गरीब परिवार मजदूरी करके बच्चों को पढ़ा रहे हैं, ऐसे में यह अन्याय है। उन्होंने छात्रावास की सुविधा, छात्राओं की सुरक्षा के लिए स्कूल समय पर पुलिस ड्यूटी, बस किराए में छूट की मांग की।
7 दिन में मांगें नहीं मानी गईं तो एनएसयूआई सड़क पर उतरेगी, ऐसा चेतावनी भी दी गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान निलेश गणावा, राजेश बारिया, विनोद गणावा, सीमा गणावा, हेमलता परमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व छात्र उपस्थित रहे।


