MP Rajya Sabha Elections: मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए होने वाले चुनावों में अब समय कम बचा है। जिसको लेकर प्रदेश कांग्रेस का सियासी पारा चढ़ते दिखाई भी देने लगा है। उम्मीदवारों के नाम और विधायकों के गणित को लेकर जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। इसी कड़ी में प्रदेश की सियासत से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसके बाद से कानाफूसी है कि एमपी से राज्यसभा जाने के लिए दिग्विजय सिंह तैयार है?
दरसअल, सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के निवास पर पहुंचकर उनसे लंबी चर्चा की। इस मुलाकात को राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की घेराबंदी और उनके फिर से राज्यसभा जाने की खबरों को हवा दे दी है। राज्यसभा में दिग्विजय सिंह का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। हालांकि उन्होंने तीसरी बार राज्यसभा जाने से इनकार कर दिया था, लेकिन पटवारी और दिग्विजय सिंह की गुप्त चर्चा ने प्रदेश की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। हालांकि जीतू पटवारी ने इस भेंट को मार्गदर्शन बताया है। लेकिन सूत्रों की माने तो प्रत्याशी चयन में दिग्विजय और पटवारी की राय ही सबसे वजनदार होगी।
विधानसभा का गणित
दावों के बीच हकीकत यह है कि कांग्रेस के लिए इस बार एक सीट बचाना भी बड़ी चुनौती हो सकती है। विधायकों की संख्या बल के हिसाब से एक सीट कांग्रेस के खाते में जानी तय है, लेकिन अंदरूनी समीकरण थोड़े उलझे हुए हैं। क्योंकि कांग्रेस का एक विधायक वर्तमान में अयोग्य घोषित है। वही एक विधायक के पास राज्यसभा चुनाव में मतदान करने का अधिकार नहीं है। इसके अलावा एक महिला विधायक के बागी रुख ने पार्टी आलाकमान की चिंता बढ़ा दी है।
इन तीन सीटों पर होना है चुनाव
दिग्विजय सिंह (कांग्रेस)
सुमेर सिंह सोलंकी (भाजपा)
जॉर्ज कुरियन (भाजपा)
आपको बता दें कि निर्वाचन आयोग जल्द ही इन सीटों के लिए अधिसूचना जारी कर सकता है। भाजपा जहां दो सीटों पर काबिज है, वहीं कांग्रेस अपनी इकलौती सीट को बचाने के लिए पूरा जोर लगा रही है।


