Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशJitu Patwari Targets Shivraj Singh Chouhan: पेट्रोल 110 के पार पहुंचा तो...

Jitu Patwari Targets Shivraj Singh Chouhan: पेट्रोल 110 के पार पहुंचा तो चुप क्यों हैं भाजपाई? जीतू पटवारी ने शिवराज पर निशाना

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला. सतना में आयोजित ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों और मंडलम अध्यक्षों के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे पटवारी ने महंगाई के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी निशाना साधा.

शिवराज सिंह चौहान पर साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान जीतू पटवारी ने पुराने दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि जब पेट्रोल की कीमत करीब 55 रुपये प्रति लीटर थी, तब शिवराज सिंह चौहान साइकिल चलाकर विरोध जताते नजर आते थे. लेकिन आज पेट्रोल की कीमत 110 रुपये के पार पहुंच चुकी है, फिर भी भाजपा का कोई नेता इस मुद्दे पर बोलने को तैयार नहीं है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब महंगाई पर भाजपा नेताओं की चुप्पी साफ दिखाई दे रही है.

जीतू पटवारी ने क्या कहा

पटवारी ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई आम लोगों की कमर तोड़ रही है. उन्होंने चिंता जताई कि यदि सरकार इसी तरह फैसले लेती रही तो देश की आर्थिक स्थिति और कमजोर हो सकती है. उन्होंने दावा किया कि रुपया डॉलर के मुकाबले और गिर सकता है और भविष्य में एक डॉलर की कीमत 150 रुपये तक पहुंचने का खतरा बन सकता है. कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले कई वर्षों के फैसलों का असर अब जनता पर साफ दिखाई देने लगा है और आम नागरिक इसका सबसे ज्यादा नुकसान झेल रहे हैं.

नीलांशु चतुर्वेदी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला

इस दौरान एआईसीसी सचिव नीलांशु चतुर्वेदी ने भी भाजपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि एक समय था जब पेट्रोल की कीमत 50 या 52 रुपये होने पर भाजपा और उसके समर्थक महंगाई को बड़ा मुद्दा बताते थे. लेकिन अब जब पेट्रोल 116 रुपये तक पहुंच गया है तो वही लोग चुप बैठे हैं. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि पहले महंगाई लोगों को ‘डायन’ लगती थी, लेकिन अब वही महंगाई उन्हें ‘बुआ’ और ‘मौसी’ जैसी लगने लगी है. कांग्रेस नेताओं के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है.

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट