Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशकटनीलाखों की जमा पूंजी फंसी, बाउंस चेक और धमकी का आरोप; पीड़ितों...

लाखों की जमा पूंजी फंसी, बाउंस चेक और धमकी का आरोप; पीड़ितों ने कलेक्टर जनसुनवाई में लगाई न्याय की गुहार

खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी/बड़वारा– कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिलायतकला के दर्जनों ग्रामीणों ने कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायत प्रस्तुत कर आरोप लगाया है कि शक्ति महिला संघ बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित, मझौली (जबलपुर) ने दैनिक जमा योजना के नाम पर वर्षों तक लोगों से प्रतिदिन ₹100 की राशि जमा करवाई, लेकिन परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी उनकी जमा पूंजी वापस नहीं की गई।शिकायत के अनुसार संस्था ने महिलाओं सहित अनेक ग्रामीणों को पासबुक जारी कर नियमित रूप से राशि जमा करवाई। जब जमा अवधि पूरी होने के बाद लोगों ने अपना पैसा वापस मांगा, तो संस्था का कार्यालय बंद मिला और संबंधित एजेंट व कर्मचारी कथित रूप से गायब हो गए। पीड़ितों का दावा है कि इस मामले में लाखों रुपये की जमा पूंजी फंसी हुई है।आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संस्था से जुड़े एक कर्मचारी संजय सिंह द्वारा पैसा मांगने पर शिकायतकर्ताओं को धमकाया गया। आवेदन के मुताबिक कथित तौर पर कहा गया कि, “जहां जाना है चले जाओ, मेरा कुछ नहीं होगा। थाना और कोर्ट में पैसा देकर मामला टाल दूंगा।” शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है।पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि कई महिलाओं को भुगतान के लिए दिए गए चेक बैंक में प्रस्तुत करने पर बाउंस हो गए। उनका कहना है कि संस्था के खाते में पर्याप्त राशि नहीं थी। शिकायत के साथ चेक बाउंस से संबंधित दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं।आवेदन में उल्लेख किया गया है कि इस मामले की लिखित शिकायत 9 मार्च 2026 को थाना बड़वारा में दी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 3 जुलाई 2026 को डीएसपी कटनी से भी मौखिक शिकायत की गई, जहां कार्रवाई का आश्वासन मिला, किंतु शिकायतकर्ताओं के अनुसार आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।पीड़ितों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, संबंधित संस्था एवं जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा उनकी वर्षों की मेहनत की जमा पूंजी वापस दिलाई जाए।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट