कटनी,ठंड में ठिठुरते यात्री और व्यापारी, स्टेशन चौक परिसर में अलाव की व्यवस्था नदारद
कटनी – कटनी रेलवे स्टेशन चौक स्थित कॉम्प्लेक्स परिसर में नगर निगम द्वारा अब तक अलाव की कोई व्यवस्था नहीं कराई गई है, जिससे यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों को कड़ाके की ठंड में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ठंड का प्रकोप बढ़ने के बावजूद जिम्मेदार विभाग की उदासीनता साफ नजर आ रही है।
रेलवे स्टेशन चौक शहर का प्रमुख और अत्यधिक व्यस्त क्षेत्र है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों यात्री देर रात और अलसुबह ट्रेनों का इंतजार करते हैं, वहीं कॉम्प्लेक्स में दुकानदारों को भी सुबह से देर रात तक काम करना पड़ता है। कड़ाके की ठंड में अलाव की व्यवस्था न होने से लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि हर वर्ष ठंड के मौसम में नगर निगम द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की जाती है, लेकिन इस बार स्टेशन चौक जैसे महत्वपूर्ण स्थान को नजरअंदाज कर दिया गया है। यात्रियों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबा इंतजार और ठंड का दोहरा असर उनकी सेहत पर पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद नगर निगम और प्रशासन मौन साधे हुए है। न तो अलाव की व्यवस्था की गई और न ही किसी वैकल्पिक इंतजाम पर ध्यान दिया गया।
यात्रियों और व्यापारियों ने नगर निगम व जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल स्टेशन चौक कॉम्प्लेक्स परिसर सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि ठंड से राहत मिल सके और आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।


