खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी- शहर में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी और नशे से जुड़े मामलों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बढ़ते अपराधों के बीच अब कटनी पुलिस को विशेष अभियान चलाकर नशे के कारोबारियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देनी पड़ी और चाकूबाजी के मामलों में शामिल रहे आदतन बदमाशों की परेड कर उनके डोजियर तैयार किए गए।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के दौरान शहरी थाना क्षेत्रों में ऐसे अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जिनका नाम पूर्व में चाकूबाजी की घटनाओं में सामने आ चुका है।इसके साथ ही पुलिस टीमों ने नशे के अवैध कारोबार से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों के संभावित ठिकानों पर भी सघन जांच की। संबंधित लोगों को अवैध कारोबार से दूर रहने की सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की बात कही गई।हालांकि सवाल यह भी उठ रहा है कि जब पुलिस को विशेष अभियान चलाकर अपराधियों और नशे के कारोबारियों तक पहुंचना पड़ रहा है, तो क्या शहर में नशे का नेटवर्क पहले से अधिक सक्रिय हो चुका है? हाल के दिनों में लगातार सामने आई चाकूबाजी की घटनाओं ने आम नागरिकों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।फिलहाल पुलिस का दावा है कि अपराधियों और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
कटनी में नशे पर पुलिस का बड़ा अभियान, चाकूबाजों की परेड… फिर भी शहर में क्यों नहीं थम रहे अपराध?
सम्बंधित ख़बरें
