भोपाल/ खबर डिजिटल। मध्यप्रदेश सरकार ने (Ladli Behna Yojana) लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात दी है। रक्षाबंधन पर जहां सरकार ने बहनों को ₹250 राखी का शगुन भेजा, वहीं अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐलान किया है कि दीपावली के बाद भाई-दूज से लाड़ली बहनों को हर माह ₹1500 की राशि मिलेगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार ने इस योजना को और मजबूत करने का रोडमैप तैयार कर लिया है। धीरे-धीरे इस राशि को बढ़ाकर वर्ष 2028 तक ₹3000 प्रतिमाह किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि बहनों के लिए सरकार के खजाने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
लाड़ली बहना योजना राज्य की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसने लाखों बहनों के जीवन में आर्थिक सहयोग पहुंचाया है। हाल ही में आए एक सर्वे में भी यह सामने आया कि जहां-जहां यह योजना लागू हुई है, वहां महिलाओं की आर्थिक स्थिति और सामाजिक भागीदारी में सुधार दर्ज किया गया है।
रक्षाबंधन के अवसर पर दी गई इस सौगात और दीपावली के बाद मिलने वाली बढ़ी हुई राशि से लाड़ली बहनों के चेहरों पर दोहरी खुशियां देखने को मिलेंगी। सरकार का दावा है कि इस योजना के जरिये महिलाओं की आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी।


