मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं की नजर अब जुलाई में मिलने वाली 38वीं किस्त पर टिकी हुई है. हर महीने सरकार की ओर से मिलने वाली 1500 रुपये की आर्थिक सहायता लाखों परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनी हुई है. जून में 37वीं किस्त जारी होने के बाद अब लाभार्थी महिलाओं के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगली किस्त कब आएगी और किन महिलाओं के बैंक खाते में राशि पहुंचेगी.
प्रदेश सरकार इस योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को हर महीने सीधे बैंक खाते में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है. अब तक योजना की 37 किस्तें सफलतापूर्वक जारी की जा चुकी हैं. पिछली किस्त 14 जून को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जारी की थी, जिसका लाभ लगभग 1.25 करोड़ महिलाओं को मिला था. पिछले रिकॉर्ड को देखें तो योजना की राशि हर महीने की 1 से 15 तारीख के बीच ट्रांसफर की जाती है. इसी वजह से संभावना जताई जा रही है कि जुलाई की 38वीं किस्त भी 15 जुलाई तक जारी की जा सकती है. हालांकि अभी तक सरकार की ओर से इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है.
अगर आप यह जानना चाहती हैं कि अगली किस्त आपके खाते में आएगी या नहीं, तो इसकी जानकारी ऑनलाइन आसानी से प्राप्त की जा सकती है. इसके लिए सबसे पहले लाड़ली बहना योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां होम पेज पर दिए गए “अंतिम सूची (Final List)” या “आवेदन एवं भुगतान की स्थिति” विकल्प का चयन करें.
इसके बाद अपना आवेदन क्रमांक या समग्र सदस्य आईडी दर्ज करें. स्क्रीन पर दिखाई देने वाला कैप्चा भरने के बाद ओटीपी प्राप्त करें और उसका सत्यापन करें. ओटीपी वेरिफाई होने के बाद आपके क्षेत्र की लाभार्थी सूची और आवेदन की स्थिति स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी. यदि सूची में आपका नाम दर्ज है, तो अगली किस्त की राशि आपके बैंक खाते में भेजी जाएगी. वहीं यदि नाम सूची में नहीं मिलता है, तो फिलहाल आपको योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा.
सरकार ने लाभार्थियों को सलाह दी है कि समय-समय पर अपनी पात्रता, बैंक खाते की स्थिति और भुगतान की जानकारी ऑनलाइन जरूर जांचते रहें. इससे किसी भी तकनीकी या दस्तावेज संबंधी समस्या का समय रहते समाधान कराया जा सकता है और योजना का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहेगा.
