झाबुआ/नावेद रजा/खबर डिजिटल/अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध झाबुआ पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली झाबुआ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत लगभग पौने दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 23 दिसंबर 2025 को सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक MP09 HH 8119 राजकोट (गुजरात) की ओर अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान पशु आहार की बोरियों की आड़ में छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद की गई।
जांच में ट्रक से लंदन प्राइड की 120 पेटियाँ (कीमत ₹18 लाख), किंगफिशर बीयर की 217 पेटियाँ (₹18.22 लाख), ग्रीन पार्क अंग्रेजी शराब की 300 पेटियाँ (₹57.60 लाख) तथा रॉयल चैलेंज की 135 पेटियाँ (₹25.92 लाख) बरामद की गई। कुल शराब की कीमत ₹1,19,74,500 आंकी गई है। पशु आहार व ट्रक सहित कुल ₹1,73,74,500 का मशरूका जब्त किया गया।
थाना कोतवाली पर अपराध क्रमांक 968/2025 धारा 34(2) व 36 आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आर.सी. भास्करे, उप निरीक्षक अशोक बघेल, सहायक उप निरीक्षक सुरसिंह, प्रधान आरक्षक दिलीप तथा आरक्षक अजीत, कैलाश व अनसिंह की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस टीम को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
उल्लेखनीय है कि झाबुआ पुलिस द्वारा पिछले तीन माह में अवैध शराब के 175 से अधिक प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की गई है, जिनमें कई बड़ी कार्रवाइयाँ शामिल हैं।


