भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध का असर दिखाई देने लगा है, केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। आज से घरेलू गैस सिलेंडर 60 रुपये महंगा हो जाएगा। इसी तरह 19 KG वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 115 रुपए का इजाफा किया गया है। बढ़ी हुई कीमतें आज यानी 7 मार्च से ही लागू हो गई है। प्रदेश के 5 बड़े शहरों भोपाल में 918 रुपये, इंदौर में 941 रुपये, ग्वालियर में 996 रुपये, जबलपुर में 919 रुपये और उज्जैन में 972 रुपये में एलपीजी सिलेंडर मिलेगा, हालांकि साल 2024 में महिला दिवस पर केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 100 रुपये की कमी की थी, जिसके बाद दो साल के बाद महिला दिवस से पहले दाम फिर बढ़ा दिए गए हैं।
कांग्रेस ने प्रदर्शन कर जताया विरोध
केंद्र सरकार के घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने भोपाल में प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने रोशनपुरा चौराहे पर महंगाई का इंजेक्शन लिखे पोस्टर के साथ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने कहा- घर की शुरुआत ही चूल्हे से होती है और लगातार बढ़ती गैस की कीमतों ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। जिसके चलते उनके बजट पर बड़ा असर दिखाई देगा, और आम जनता को एक बार फिर महंगाई का इंजेक्शन लगाया गया है। कांग्रेस ने सरकार से बढ़ी कीमतों को वापस लेने की मांग की।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कसा तंज
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बीजेपी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि ’56 इंच की छाती वाले प्रधानमंत्री ने घरेलू LPG सिलेंडर पर 60 रुपये बढ़ा दिए हैं। कल भारत के पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने कहा था, ‘हमारी प्राथमिकता है कि हमारे नागरिकों को सस्ता और टिकाऊ ईंधन उपलब्ध कराया जाए, और हम इसे आराम से सुनिश्चित कर रहे हैं।’ आज घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹115 बढ़ा दी गई है। इजराइल और अमेरिका के आगे नतमस्तक नरेंद्र मोदी के चलते आज पूरा देश इसकी कीमत चुका रहा है।


