उमरिया/केजी पांडेय/खबर डिजिटल/ महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उमरिया जिला मुख्यालय स्थित सागरेश्वर नाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के सुबह करीब 4 बजे से ही भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा।
आकर्षक फूलों से सजाया मंदिर
भक्त हाथों में जल, बेलपत्र, फूल और पूजन सामग्री लेकर अपने आराध्य की पूजा-अर्चना करते दिखाई दिए। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया है। भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
दर्शन के लिए की सुचारू व्यवस्था
मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन की ओर से दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा, बैरिकेडिंग और कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं।
पांडवकालीन है शिवलिंग
स्थानीय मान्यता के अनुसार सागरेश्वर नाथ धाम में स्थापित शिवलिंग पांडवकालीन है और यहां सच्चे मन से मांगी गई मन्नत अवश्य पूरी होती है। यही कारण है कि महाशिवरात्रि के मौके पर दूर-दराज गांवों और अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
विशेष महाआरती का किया आयोजन
शाम को विशेष महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा रातभर देवी जागरण और भजन-कीर्तन का कार्यक्रम भी रखा गया है। आस्था और भक्ति के इस महापर्व ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया है।


