रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल पिछले 40 दिनों से सुर्खियों में हैं। खुद को कथित मूसा गैंग से खतरा बताकर चर्चा में आए विधायक के दावों पर अब मऊगंज पुलिस ने पानी फेर दिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मूसा गैंग जैसा कोई अस्तित्व ही नहीं है। वहीं डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने भी विधायक की लोकेशन को लेकर बड़ा बयान दिया है।
मूसा गैंग है ही नहीं ?
मऊगंज एसपी दिलीप सोनी ने साफ किया है कि मूसा गैंग का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। दरअसल, एक साल पहले एक रोजनामचा (GD) में तत्कालीन थाना प्रभारी सनत कुमार ने बिना किसी प्रमाण के इस गैंग का जिक्र किया था। तत्कालीन एसपी अनुराग पांडे की जांच में यह उल्लेख फर्जी पाया गया, जिसके बाद उक्त थाना प्रभारी के खिलाफ विभागीय जांच आज भी जारी है। पुलिस के मुताबिक, जिले में ऐसा कोई गैंग सक्रिय नहीं है।
मीडिया से क्या छिपा रहे परिजन ?
विधायक के लापता होने की खबरों पर विराम लगाते हुए डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रदीप पटेल कोलकाता में हैं और पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्हें किसी प्रकार का खतरा नहीं है। इस बयान के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर विधायक के परिजन घर में ताला बंद कर मीडिया से क्या छिपा रहे थे और यह पूरा गायब होने का ड्रामा किस लिए रचा गया।


