मैहर/खबर डिजिटल/ अनुराग सिंह मैहर/ मैहर के नादन थाना अंतर्गत ग्राम जरियारी के सिगटहा टोला में जमीन विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक महिला को छत से नीचे फेंकने का वीडियो सामने आया। घटना बीते दिन की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक ममता पटेल अपनी माता के साथ घर का कामकाज कर रही थीं।
छत से धक्का देने का आरोप..
इसी दौरान जमीन को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि रमेश पटेल पिता वंशगोपाल पटेल ने गुस्से में आकर ममता पटेल को छत से धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिरकर घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को संभाला और पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी।
घटना का वीडियो वायरल
वहीं वायरल वीडियो ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। अब वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। फिलहाल नादन थाना पुलिस वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने आरोपी रमेश पटेल के खिलाफ 296(a),115 (2) ,351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
