Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशBJP नेता की पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम, मौत के बाद पति...

BJP नेता की पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम, मौत के बाद पति के खिलाफ मामला दर्ज

मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. भाजपा से जुड़े नेता संजय चुण्डावत की पत्नी वर्षा चुण्डावत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने संजय चुण्डावत पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि केस दर्ज होने के बाद से आरोपी घर छोड़कर फरार है. पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

घर में फंदे पर मिली महिला, इलाज के दौरान हुई मौत

जानकारी के अनुसार मामला पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के ग्राम उजागरिया का है. सोमवार शाम वर्षा चुण्डावत ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. घटना की जानकारी मिलते ही उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. पहले उन्हें पिपलियामंडी में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद हालत गंभीर होने पर मंदसौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि महिला की मृत्यु के बाद बिना पोस्टमार्टम कराए पति शव को अपने पैतृक गांव किटयानी स्थित घर ले गया. इस पर मायके पक्ष ने आपत्ति जताई और मामले की शिकायत पुलिस से की.

लंबे समय से प्रताड़ना का आरोप

मृतका के परिवार का कहना है कि वर्षा की शादी वर्ष 2013 में संजय चुण्डावत से हुई थी. दंपति के एक पुत्र और एक पुत्री हैं. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही वर्षा को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था. उनका दावा है कि लगातार तनाव और उत्पीड़न के कारण वर्षा बेहद परेशान रहती थीं. इसी वजह से उन्होंने यह कठोर कदम उठाया. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

सामाजिक कार्यों में सक्रिय थीं वर्षा चुण्डावत

वर्षा चुण्डावत केवल गृहिणी ही नहीं बल्कि सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाती थीं. वह ग्राम पंचायत में महिला पंच के रूप में कार्य कर चुकी थीं और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कपड़े की थैलियां बनाने का प्रशिक्षण देती थीं. महिलाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए उनके योगदान को देखते हुए अगस्त 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया था. इसके अलावा वह मंदसौर में बच्चों को अंग्रेजी विषय की कोचिंग भी पढ़ा रही थीं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट