भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए आठ आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने मंगलवार (28 जुलाई 2026) को इसके आदेश जारी किए। इस फेरबदल में तीन जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को भोपाल में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शहडोल, छतरपुर और बालाघाट में बदले कलेक्टर
जारी आदेश के अनुसार, छतरपुर कलेक्टर पार्थ जायसवाल को शहडोल का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, बालाघाट के कलेक्टर मृणाल मीणा को छतरपुर का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। ग्वालियर में अपर कलेक्टर के रूप में कार्यरत कुमार सत्यम को अब बालाघाट का नया कलेक्टर बनाया गया है। सरकार का कहना है कि यह बदलाव प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए किया गया है।
मिशा सिंह और अदिति गर्ग को भोपाल में नई जिम्मेदारी
रतलाम की कलेक्टर रहीं मिशा सिंह को भोपाल में अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके स्थान पर रतलाम के नए कलेक्टर की नियुक्ति के लिए अलग से आदेश जारी होने की संभावना है।


वहीं, मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग को भोपाल बुलाकर मध्य प्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का परियोजना संचालक बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी, संचालक रोजगार और एसएसआर ग्लोबल स्किल पार्क के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
देखें पूरी लिस्ट..

प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी
सरकार के इस तबादला आदेश को प्रशासनिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नए पदस्थ अधिकारियों को जल्द ही अपनी नई जिम्मेदारियां संभालनी होंगी। आने वाले दिनों में कुछ और अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश भी जारी हो सकते हैं।
ये खबर भी पढ़ें..
