MP Weather Update: भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मकर संक्रांति के बाद से तापमान में गर्माहट के कयास सालों से लगाए जाते हैं, लेकिन अब यह बात पुरानी होती नजर आ रही है, मध्यप्रदेश में फरवरी माह के शुरु होने के बाद भी कड़ाके की सर्दी पड़ती नजर आ रही है, जिसके चलते लोगों को अब भी गर्म कपड़े कबर्ट में रखने का मौका नहीं मिल रहा है, जबकि पूर्वी इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। यहां न्यूनतम तापमान 5 और 6 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने बताया कि, कटनी और शहडोल में पारा सबसे कम दर्ज हुआ।
कटनी और शहडोल सबसे ठंडे, भोपाल में रात में ठंड
मौसम विभाग के अनुसार कटनी का करौंदी क्षेत्र प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज किया गया, इसी तरह शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के करीब दर्ज हुआ। साथ ही पचमढ़ी, उमरिया, खजुराहो, राजगढ़ और रीवा में पारा 8 से 9 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी भोपाल में रवरी माह में रात का तापमान 8 डिग्री तक गिरा है, जोकि सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया। दिन में कड़ी धूप के बाद पारा 25-28 डिग्री के बीच दर्ज हो रहा है।
तीन दिन के बाद बढ़ेगा तापमान
मध्यप्रदेश के ऊपरी इलाके ग्वालियर-चंबल अंचल में सोमवार सुबह से कोहरा छाया रहा, कई जिलों में हल्की धुंध देखी गई, जिससे रास्तों पर आवाजाही प्रभावित की। वहीं अब आने वाले 2-3 दिन ठंड रहेगी, क्योंकि 12 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, उसके बाद ही धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है।


