उमरिया/केजी पांडेय/खबर डिजिटल/ पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उमरिया पुलिस अधीक्षक के साथ बांधवगढ़ विधायक शिव नारायण सिंह भी मौजूद रहे, ऑपरेशन हिफाजत में शहीद जवान की पत्नी को सम्मानित किया गया।
एसपी और विधायक रहे मौजूद
देशभर में अपने कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों की स्मृति में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पुलिस स्मृति दिवस पर मंगलवार को उमरिया स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में श्रद्धांजलि परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पुलिस के जवान मौजूद रहे जिन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों को नमन किया।कार्यक्रम में बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह और उमरिया पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और देश की रक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के दौरान शहीद हुए 191 पुलिस अधिकारियों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
‘जनता की सेवा में पुलिसकर्मियों का बड़ा योगदान’
एसपी विजय भागवानी ने कहा कि ‘देश की सुरक्षा और जनता की सेवा में पुलिसकर्मियों का योगदान अतुलनीय है। वे हर परिस्थिति में डटे रहते हैं, चाहे वह आतंकी हमला हो, नक्सल क्षेत्र हो या फिर प्राकृतिक आपदा।’
‘शहीदों के बलिदान को भूलाना मुश्किल’
विधायक शिवनारायण सिंह ने भी कहा कि शहीद जवानों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता, वे समाज के लिए प्रेरणा हैं। कार्यक्रम में ऑपरेशन ‘हिफाजत’ में शहीद सीता राम रघुवंशी की पत्नी शांति बाई और प्रधान आरक्षक शिव पाल रौतेल की पत्नी मुन्नी बाई को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न प्रदान कर उनकी वीरता को नमन किया गया।


