उमरिया/केजी पांडेय/खबर डिजिटल/ दीपावली से ठीक पहले उमरिया में बांधवगढ़ एसडीएम हरनीत कौर कलशी ने कृष्णा ताल स्थित पटाखा बाजार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई दुकानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और एक्सपायर अग्निशामक पाए गए। एसडीएम ने दुकानदारों को कड़ी फटकार लगाते हुए एक घंटे में सभी सुरक्षा मानक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का पालन न करने पर लाइसेंस रद्द कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पटाखा बाजार का औचक निरीक्षण
उमरिया जिले में दीपावली त्यौहार से ठीक एक दिन पहले बांधवगढ़ एसडीएम हरनीत कौर कलशी ने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यालय अंतर्गत कृष्णा ताल में संचालित पटाखा बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटाखों की दुकानों में रखी सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण, स्टॉक की स्थिति और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी पाई गई। कुछ दुकानदारों ने अग्निशामक यंत्रों की एक्सपायरी तिथि पार होने के बाद भी उनका उपयोग जारी रखा था, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया था।एसडीएम हरनीत कौर कलशी ने इस लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल प्रभाव से सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दीपावली के समय पटाखों की बिक्री के दौरान किसी भी प्रकार की असावधानी से बड़ी दुर्घटना हो सकती है, इसलिए सभी दुकानदार एक घंटे के भीतर सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि पुनः निरीक्षण में गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।
पटाखों को लेकर बरतें सतर्कता – एसडीएम
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नगर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि वे लगातार बाजारों की निगरानी करें, और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बिना अनुमति या असुरक्षित स्थान पर पटाखों की बिक्री न करे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है ताकि दीपावली का पर्व खुशी और सुरक्षित वातावरण में मनाया जा सके। इस मौके पर फायर ब्रिगेड दल और राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही।


