प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत इंदौर में एक बार फिर बड़े स्तर पर किफायती आवास परियोजना शुरू होने जा रही है. सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों को कम कीमत में अपना घर उपलब्ध कराना है. पहले चरण की सफलता के बाद अब दूसरे चरण में हजारों नए फ्लैट बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है. इसके लिए कई स्थानों पर टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है.
पहले चरण में हजारों परिवारों को मिला लाभ
प्रधानमंत्री आवास योजना के पहले चरण में इंदौर शहर और आसपास की 13 सरकारी जमीनों पर 18,606 फ्लैटों का निर्माण किया गया था. इनमें बड़ी संख्या में पात्र हितग्राहियों को मकानों का आवंटन भी किया जा चुका है. इसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए अब पीएम आवास योजना 2.0 के तहत नई आवासीय परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है.
तीन जगहों पर 5000 फ्लैट बनाने के लिए जारी हुए टेंडर
प्रधानमंत्री आवास योजना के अपर आयुक्त अर्थ जैन के अनुसार रंगवासा, सिंदौड़ा और सनावदिया में करीब 5000 फ्लैटों के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं. इन बहुमंजिला इमारतों में वन बीएचके, टू बीएचके, थ्री बीएचके और फोर बीएचके फ्लैट बनाए जाएंगे. इस पूरी परियोजना पर 578 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है.
उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के लिए तैयार की गई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) राज्य सरकार को मंजूरी के लिए भेजी गई थी. स्वीकृति मिलने के बाद हाल ही में हुई मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में टेंडर जारी करने की अनुमति भी दे दी गई.
सभी जरूरी विभागों से मिल चुकी है मंजूरी
अर्थ जैन ने बताया कि इस परियोजना को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, रेरा, बिल्डिंग परमिशन शाखा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक स्वीकृतियां मिल चुकी हैं. अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों के चयन की प्रक्रिया भी प्रारंभ होगी.
जल्द दो और स्थानों पर शुरू होगी नई परियोजना
सरकार केवल तीन स्थानों तक ही सीमित नहीं रहेगी. आने वाले समय में बढ़िया कीमा और उमरीखेड़ा में भी नए फ्लैटों के निर्माण के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे. इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने के बाद इंदौर में कुल 8 हजार से अधिक नए फ्लैट तैयार किए जाएंगे.
बाजार से कम कीमत पर मिलेंगे फ्लैट
सरकार का कहना है कि इन फ्लैटों की कीमत बाजार दर से कम रखी जाएगी ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्ग के परिवार आसानी से अपना घर खरीद सकें. योजना के तहत रंगवासा में 2000, सिंदौड़ा में 1500 और सनावदिया में 1500 फ्लैट बनाए जाएंगे. सरकार का मानना है कि इस पहल से हजारों परिवारों का अपने घर का सपना साकार होगा और शहर में किफायती आवास की उपलब्धता भी बढ़ेगी.
