रीवा/अरविंद तिवारी/खबर डिजिटल/ गुरुवार दोपहर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला कलेक्टर प्रतिभा पाल अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गईं। औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में पहुंचकर अभिलेखों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान 1, 2, 3, 4 रमसा कोर्ट सेक्शन, अनुदान विद्या 1 एवं 2, लेखा शाखा सहित कई महत्वपूर्ण शाखाओं का निरीक्षण किया गया। बताया जा रहा है कि निरीक्षण के समय डीईओ और सहायक संचालक बोर्ड परीक्षाओं के निरीक्षण के लिए विद्यालयों में मौजूद थे।
उपस्थिति और क्लेम रजिस्टर की गहन जांच
सूत्रों के अनुसार, कार्यालय में फाइलों के निराकरण में लापरवाही की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते कलेक्टर ने विशेष रूप से उपस्थिति रजिस्टर और रिटायर्ड शिक्षकों के क्लेम रजिस्टर की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जप्त किए गए हैं। गौरतलब है कि डीईओ कार्यालय में अटैच अधिकांश शिक्षक न तो उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर करते हैं और न ही कई मामलों में उनके नाम दर्ज पाए गए। माना जा रहा है कि इस निरीक्षण के बाद कार्यालय में अटैच शिक्षकों और संबंधित शाखा प्रभारियों पर कार्रवाई होना तय है।
मेंटेनेंस और पुताई कार्यों में अनियमितता की भी जांच
हाल ही में विद्यालयों में मेंटेनेंस और पुताई के नाम पर हुए कथित भ्रष्टाचार के मामले में भी कलेक्टर को अवगत कराया गया। बताया गया कि जेडी कार्यालय से जांच पूरी हो चुकी है और जो भी अधिकारी-कर्मचारी दोषी पाए गए हैं, उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं कमिश्नर कार्यालय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी जारी है।कलेक्टर की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है और आने वाले दिनों में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।


